सिमरन का शव जमीन में दबाने वाले जेल भेजे
सरूरपुर। हर्रा में महिला की हत्या कर जमीन में दबाने के मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को बुधवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। आरोपी पति को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
दिल्ली के थाना हर्ष विहार क्षेत्र के मंडोली बुद्ध विहार निवासी सिमरन ने दो साल पहले आमिर पुत्र शाहिद से प्रेम प्रसंग के चलते कोर्ट मैरिज की थी। जिसके बाद दंपती सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में एक मकान में किराए पर रह रहे थे। आमिर के परिजन पास के गांव जैनपुर में दूध का कारोबार करते हैं। पिछले सप्ताह घरेलू कलह के चलते आमिर ने सिमरन का गला दबाकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद साथियों के संग मिलकर पत्नी की लाश को जैनपुर के जंगल में दबा दिया था। इस मामले में सिमरन की मां ने थाने में बेटी के लापता होने की आशंका जताते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में उसने सिमरन की हत्या करना स्वीकार कर लिया था और साथियों के नाम भी पुलिस को बताए थे। पुलिस ने मंगलवार रात हर्रा बाईपास से आरिज पुत्र मतीन निवासी नरूपुरा थाना पाली मुकीमपुर अलीगढ़ और बबलू पुत्र ओमपाल निवासी बिनौली बागपत को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को इन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस को अभी एक अन्य आरोपी की तलाश है।