संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर। पुलिस ने 15 दिन पूर्व गांव भटीपुरा स्थित श्री रामचंद्र एन्क्लेव कॉलोनी में गार्डों को बंधक बनाकर डकैती डालने की वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस और स्वाट देहात की टीम ने इस मामले में लूट का सामान खरीदने वाले दो दुकानदारों समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लूटा गया सामान भी बरामद किया है। सभी आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया गया है।
एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि 7 जून को गांव भटीपुरा में नवनिर्मित कॉलोनी श्रीरामचंद्र एन्क्लेव में आठ-दस बदमाश एन्क्लेव में तैनात तीन सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर वहां से दो ट्रांसफार्मर का सामान लूटकर ले गए थे। इस मामले में सिक्योरिटी इंचार्ज की ओर से बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
किठौर पुलिस तथा स्वाट देहात की टीम ने बुधवार को खुलासा करते हुए लिसाड़ी गेट के अंबेडकर मूर्ति के सामने निवासी जाहिद, समर गार्डन निवासी कासिम, लोहियानगर थाना क्षेत्र के गांव नरहाडा निवासी सादिक, साबिर, दिलशाद, कासिम तथा लूट का सामान खरीदने वाले कंकरखेड़ा के गांव महमूदपुर निवासी यासीन तथा शाहरुख को मेरठ गढ़ मार्ग स्थित रघौती मोड़ से गिरफ्तार किया है।
एसपी देहात ने बताया कि जाहिद सिक्योरिटी गार्डों को बंधक बनाने, कासिम ट्रांसफार्मरों की रैकी, सादिक और साबिर चलती हुई लाइन में तार काटने का काम करता हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दिन में बाइक से गांवों के बाहर तथा जंगल में लगे ट्रांसफार्मरों की रैकी करते हैं। रात को एक साथ एकत्र होकर घटना को अंजाम देते हैं। आरोपियों ने दबथुबा, चंदपुरा, धनतला, भटीपुरा, मेघराजपुर, नरहाडा आदि करीब एक दर्जन गांवों में घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों की निशानदेही से ट्रांसफार्मर का तेल, कॉइल, धातु की बनी हुई पत्ती तथा ट्रांसफार्मर खोलने के उपकरण बरामद किए हैं।
-