फुटबाल प्रतियोगिता में महिला वर्ग में विजेता श्रेया
शास्त्रीनगर स्पोर्टीफाई स्पोर्ट्स एरेना में हुआ टूर्नामेंट, फुटबाल के प्रति दिखा बच्चों में क्रेज
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ में फुटबाल को लेकर क्रेज बढ़ता जा रहा है। शनिवार को गढ़ रोड स्थित स्पोर्टीफाई स्पोर्ट्स एरेना में मेरठ यूथ फुटबाल क्लब की ओर से किबशॉट गली फुटबाल चैलेंज वन ऑन वन टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसमें महिला वर्ग में श्रेया और पुरुष वर्ग में मान ने टूर्नामेंट जीता।
अंडर 15 और अंडर 17 वर्ग में फुटबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इसमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर सभी को आकर्षित किया। बच्चों ने दिखा दिया कि फुटबाल के प्रति भी उनकी दीवानगी कम नहीं है। आयोजक तुषार ने बताया कि बच्चों में फुटबाल के की प्रतिभा को निखारने के उदे्श्य से प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया।
मुख्य अतिथि गौरव सोम ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। तुषार ने बताया कि मेरठ में पहली बार वन ऑन वन फुटबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। पहले टूर्नामेंट में ही दोनों वर्ग में 50 से अधिक बच्चों ने प्रतिभाग किया। इसमें पुरुष वर्ग में फाइनल मैच मान की टीम ने 2-1 के स्कोर से जीता। महिला वर्ग में श्रेया ने 2-0 से मैच जीता और ट्रॉफी अपने नाम की। पुरुष वर्ग में सुरेंद्र रनरअप रहे और महिला वर्ग में प्रार्थना रनरअप रहीं। प्रतियोगिता के अंत में सभी विजेता और उपविजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
यह बोले खिलाड़ी
- स्कूल में शुरूआत से ही फुटबाल के प्रति लगाव रहा। अब क्लब के साथ जुड़कर अपने खेल में और सुधार करने का प्रयास किया है। आगे भी बड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर मेरठ का नाम रोशन करेंगे। श्रेया, विजेता महिला वर्ग
- फुटबाल देश में सबसे अधिक पसंद किया जा रहा है। भले ही भारतीय टीम वर्ल्ड कप नहीं खेल रही है, लेकिन उम्मीद है कि भविष्य में भारतीय टीम भी इसका हिस्सा होगी।
मान-विजेता पुरुष वर्ग
फुटबाल प्रतियोगिता में महिला वर्ग में विजेता श्रेया