सरधना में खेड़ा निवासी भाजपा जिला मंत्री उदय प्रताप ने गुरुवार दिवाली के दिन गांव के ही एक युवक पर अपने दो साथियों के साथ घर में घुस कर उन पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। हमले में भाजपा नेता बाल-बाल बचे। घटना के बाद काफी ग्रामीणों के साथ वो थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने जांच कर घटना को फर्जी बताया है।
खेड़ा गांव निवासी उदय प्रताप पुत्र जल सिंह भाजपा संगठन में जिला मंत्री हैं। उदय प्रताप का कहना है बृहस्पतिवार को दीपावली के दिन वह सुबह घर पर मौजूद थे, तभी गांव निवासी युवक अपने दो साथियों के साथ आया और उसने पुरानी रंजिश के चलते उस पर फायर झोंक दिया। उसने घर के अंदर घुसकर जान बचाई।
शोर शराबा सुनकर लोग दौडे़ तो आरोपी वहां से उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद काफी संख्या में ग्रामीणों के साथ उदय प्रताप थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। संगठन को भी अवगत कराया।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की तो पता चला कि जिस व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, वह उस समय गांव के ही मंदिर में हवन पूजन में शामिल था। पुलिस ने अधिकारियों को भी अवगत कराया। जिसके बाद दर्ज मुकदमें को खत्म करने की कार्यवाही और फर्जी मुकदमा लिखाने को लेकर भाजपा नेता के खिलाफ शिकंजा कसना शुरु कर दिया है।
सीओ आरपी शाही ने बताया कि थानाध्यक्ष लक्ष्मण वर्मा ने जांच के बाद घटना के झूठी पाया है। जिसमें दर्ज मुकदमा को खत्म करने की कार्यवाही की जा रही है।