बागपत में रमाला थाना क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की लड़की को गोली मारने के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने संज्ञान लिया। डीएम और एसपी को चार बिंदुओं पर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। वहीं कार्रवाई से आयोग को भी अवगत कराने के लिए कहा है।
रमाला थाना क्षेत्र के एक गांव में 26 मई को अनुसूचित जाति की एक लड़की को छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवक ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग में मामला पहुंचा तो आयोग के अध्यक्ष रामशंकर कठेरिया ने खुद इसका संज्ञान लिया। इस संबंध में कार्रवाई के लिए आदेशित किया गया है। आयोग के सहायक निदेशक तरुण खन्ना ने डीएम और एसपी को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। बताया कि दो वर्षों से आरोपी युवक परेशान कर रहा था। थाने में मामला दर्ज कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने निर्देश दिए कि मामले को गंभीरता से देखते हुए प्रकरण में तुरंत कार्रवाई कराई जाए। घटना में संलिप्त आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराते हुए पीड़ित परिवार को समुचित सुरक्षा व्यवस्था भी उपलब्ध कराएं। पीड़िता को मुफ्त चिकित्सा उपचार कराने के साथ ही साथ उसके नियमानुसार आर्थिक सहायता भी दिलाई जाए।
उन्होंने पूछा कि जब आरोपी द्वारा दो वर्ष से पीड़िता के परिवार को तंग और परेशान, उत्पीड़ित किया जा रहा था तो स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की। जल्द आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आयोग को भी प्रकरण की स्थिति से अवगत कराना होगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/