दुकान पर कब्जे के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, पांच लोग घायल
सरधना। जुल्हेड़ा रोड स्थित धार्मिक स्थल के निकट स्थित दुकानों पर कब्जे को लेकर शनिवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष से तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है तथा तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जुल्हेडा रोड स्थित धार्मिक स्थल (मस्जिद) के निकट दुकानें बनी हुई हैं। दुकान किराये पर दी हुई हैं। इन दुकानों पर सठेडी निवासी ठेकेदार भी अपना हक जता रहा है। जिसे लेकर पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुके हैं। इनमें से एक दुकान में परवेज घड़ी साज का काम करता है।
शनिवार को परवेज घर पर नहीं था। उसकी पत्नी गुलशन व अन्य महिलाएं दुकान पर थी। आरोप है कि गाड़ी में सवार होकर आई कुछ महिलाओं व लोगों ने उनकी दुकान पर पहुंचकर मारपीट शुरू कर दी। जिसमें नगमा पुत्री इस्लामुदीन, आबिदा पत्नी इस्लामुदीन, गुलशन पत्नी परवेज घायल हो गई।
परवेज मौके पर पहुंचा तो उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट में तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास चल रहे थे।