- आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में कलीना गांव के निशानेबाज ने 551 अंक किए हासिल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ के कलीना गांव के अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज सौरभ चौधरी ने लंबे अंतराल के बाद अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी में शानदार वापसी करते हुए भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। दोहा में चल रही आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में भारतीय तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में रविंदर सिंह, सौरभ चौधरी और अमनप्रीत सिंह की भारतीय टीम ने कुल 1659 अंक अर्जित किए। इसमें रविंदर सिंह ने 559, सौरभ चौधरी ने 551 और अमनप्रीत सिंह ने 549 अंक हासिल किए। भारतीय टीम ने चीन को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चीन की टीम 1648 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही जबकि दक्षिण कोरिया ने 1643 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। कई बार विश्व कप में स्वर्ण पदक जीत चुके सौरभ की इस उपलब्धि को उनकी शानदार वापसी के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय बाद बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर उन्होंने अपने प्रदर्शन से एक बार फिर भारतीय निशानेबाजी में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। वहीं, भारतीय महिला टीम ने 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में 1894.4 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। इस स्पर्धा में चीन ने स्वर्ण और जापान ने कांस्य पदक हासिल किया।
सौरभ चौधरी की बड़ी उपलब्धियां
2025 में आईएसएसएफ वर्ल्डकप में कांस्य पदक, आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में तीन स्वर्ण पदक
2018 एशियन गेम्स व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक
एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले पांचवें शूटर
आईएसएसएफ विश्व शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक
अर्जेंटीना 2018 में यूथ ओलंपिक में स्वर्ण पदक
2019 सीनियर प्रतियोगिता में मनु भाकर के साथ स्वर्ण पदक
नई दिल्ली आईएसएसएफ वर्ल्डकप में रिकॉर्ड बनाकर ओलंपिक कोटा प्राप्त किया
2019 आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में रजत पदक
2020 में नेशनल चैंपियनशिप जीती
टोक्यो ओलंपिक में किया प्रतिभाग