परतापुर। छात्रा को बिजली बंबा बाईपास पर बुलाकर छेड़छाड़ करने वाले एक वर्ग के युवक की लोगों ने धुनाई कर दी। इसके बाद छात्रा के परिजनों ने आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। वहीं, हिंदू संगठनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
हापुड़ रोड निवासी एक वर्ग का युवक शास्त्रीनगर में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा को करीब दो वर्ष से रास्ते में आते-जाते तंग कर रहा था। उसने छात्रा को डरा धमकाकर शनिवार दोपहर में बिजली बंबा बाईपास स्थित रेलवे लाइन के समीप बुला लिया। इसके बाद उसे बहला-फुसलाकर खेत में ले गया तथा छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस पर छात्रा ने शोर मचा दिया। जिसे सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने दौड़कर आरोपी को दबोच लिया। उन्होंने उसकी जमकर धुनाई की तथा छात्रा के परिजनों को बुला लिया। इस पर छात्रा के परिजनों ने आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। वहीं, हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणी त्रिपाठी का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है। पीड़ित छात्रा के परिजनों से तहरीर लेकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।