एसटीएफ ने मुकीम काला गैंग का शार्प शूटर पकड़ा
मेरठ। एसटीएफ और कंकरखेड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुकीम काला गैंग का शार्प शूटर पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कई थानों में संगीन धाराओं में केस दर्ज हैं। आरोपी के पास से कई जिंदा कारतूस और चोरी की स्कूटी बरामद हुई है।
एसटीएफ के उपनिरीक्षक संजय कुमार और कंकरखेडा इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर के मुताबिक संयुक्त टीम ने मुकीम काला गैंग के शार्प शूटर सहीबुद्दीन निवासी निलोहा थाना मवाना को जेवरी गांव के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक कंट्री मेड पिस्टल और सात कारतूस और बिना नंबर की स्कूटी बरामद की गई। इसी गैंग का एक सक्रिय सदस्य बैसर मुजफ्फरनगर जेल में बंद है। उसने नदीम खंद्रावली थाना कांधला जनपद शामली की हत्या करने के लिए सहीबुद्दीन को सुपारी दी थी। सहीबुद्दीन ने सूफियान सहारनपुर के साथ मिलकर नदीम की हत्या करने की योजना बनाई थी। पूर्व में सहारनपुर में एक चिकित्सक से रंगदारी मांगने के मामले में भी वह जेल जा चुका है।
---
मारने के लिए की थी पूरी प्लानिंग
- मुकीम काला गैंग का बदमाश बैसर सहारनपुर का रहने वाला है। उसकी प्रेमिका भूरी निवासी की कुछ समय पहले कांधला निवासी नदीम से शादी हो गई थी। तभी से वह उसकी हत्या की योजना बना रहा था। इस संबंध में ही उसने सहीबुद्दीन से संपर्क किया और उसको हत्या की जिम्मेदारी सौंपी थी। जल्द ही वह वारदात को अंजाम देने वाले थे। उससे पहले ही उसे दबोच लिया गया।
--
ऐसे आया था मुकीम के संपर्क में
- संयुक्त टीम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सहीबुद्दीन वर्ष 2017 में मुजफ्फरनगर जेल में बंद होने के दौरान मुकीम काला गैंग के संपर्क में आया था। तबसे ही इस गैंग का सक्रिय सदस्य है। लगभग छह महीना पहले डॉक्टर से रंगदारी वाले मामले में जेल से छूटकर आया था।