मेरठ से सटे सरधना में मोहल्ला किशोरकान निवासी शशिबाला ने पारिवारिक संपत्ति विवाद और लगातार उत्पीड़न से तंग आकर एसएसपी मेरठ से इच्छा मृत्यु की मांग की है। शशिबाला का आरोप है कि एक ओर जहां मोहल्ले के कुछ लोग उनकी पुश्तैनी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर थाना सरधना की पुलिस भी निष्पक्ष कार्रवाई के बजाय आरोपियों का साथ दे रही है।
पीड़िता द्वारा एसएसपी को सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार, वह अपने माता-पिता की एकलौती वारिस हैं और अविवाहित हैं। उनका कहना है कि मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने उनके घर में आने-जाने के रास्ते पर दीवार खड़ी कर दी, जिससे वे अपने ही घर में घिरकर रह गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त लोग अक्सर उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट भी करते हैं।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 14 मई को आपके शहर में क्या हुआ
सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि जब उन्होंने पुलिस से सहायता मांगी तो स्थानीय पुलिस ने आरोपियों के पक्ष में खड़े होकर उनकी मौजूदगी में ही दीवार खड़ी करवाई।
शशिबाला का कहना है कि उन्होंने कई बार वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहांर लगाई, लेकिन उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और सुरक्षा को लेकर वह बेहद असुरक्षित महसूस कर रही हैं। इसी मानसिक और शारीरिक तनाव के चलते उन्होंने एसएसपी से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है।