उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सहित नौ नामजद व 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान पंचायत करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में एक दिन पहले क्षेत्र में वीडियो वायरल हुई थी। हालांकि, जिलाध्यक्ष ने इस वीडियो को दो साल पुराना बताते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, दस मई को क्षेत्र के गांव दखौड़ी जमालपुर की एक वीडियो वायरल हुई। इस वीडियो में गांव के पूर्व प्रधान एवं भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह एक पंचायत को संबोधित कर रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंच गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल की तो पता चला कि ठाकुर सोमवीर सिंह ने दस मई को गांव में ही पंचायत का आयोजन किया गया था।
यह भी पढ़ें: तस्वीरें: न पुलिस के डंडे का खौफ न लॉकडाउन का असर, खूब मनमानी कर रहे लोग, खतरे में शहर
पुलिस उपाधीक्षक अमित सक्सेना ने बताया कि जांच के बाद पुलिस ने लॉकडाउन व महामारी उल्लंघन के मामले में नौ नामजद ठाकुर सोमवीर सिंह, शिवकुमार, रवि, मोहित, बलकार, अमन, अमरीश, जयदेव, गुलजार व 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, ठाकुर सोमवीर सिंह का कहना है कि यह वीडियो झूठी है। दो साल पहले जब लोकसभा का उपचुनाव था। उस वक्त मुख्यमंत्री का शामली में दौरा था। कार्यक्रम में लोगों को ले जाने के लिए तब गांव के बंजारा बिरादरी के साथ यह बैठक की गई थी। इस संबंध में थाने में तहरीर देकर वीडियो की जांच कराने और फर्जी वीडियो वायरल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें: लॉकडाउन के उल्लंघन पर पूर्व मंत्री समेत कई नेताओं की गाड़ियां सीज, पुलिस ने कई का चालान भी काटा
मीडिया के माध्यम से यह मामला मेरे संज्ञान में आया है। यह बात भी सामने आ रही है कि वीडियो पुरानी है। वीडियो की जांच के बाद जो बात भी सामने आएगी, उसके बाद ही आगे विचार किया जाएगा।
- सतेंद्र तोमर, जिलाध्यक्ष भाजपा
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/