हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार और मौके पर पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
शामली में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौके पर मौत हो गई। हादसे में कार सवार परिवार के महिला और बच्ची समेत चार लोग घायल हो गए। युवकों की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के परिजनों ने कार चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
थानाभवन थानाक्षेत्र के गांव नोजल निवासी नीटू (30) और उसका चचेरा भाई मनीष (28) गांव हरड़ फतेहपुर स्थित एक पब्लिक स्कूल में बस पर कार्य करते थे। नीटू बस चालक और मनीष हेल्पर था। मंगलवार दोपहर दोनों भाई स्कूल में थे। दोपहर करीब 12 बजे दोनों ने स्कूल संचालक नीरज से कुछ देर के लिए बुलेट मांगी। इसके बाद दोनों बुलेट पर सवार होकर थानाभवन की तरफ चल दिए। रास्ते में जब वे बजाज शुगर मिल के समीप एक स्कूल के सामने पहुंचे तो सामने से आ रही एक वैगनआर कार के साथ बुलेट की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार जतिन, उनकी पत्नी रजनी, बेटा अर्थव व बेटी गौरी निवासी शामली भी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल रजनी और गौरी को शामली सीएचसी में भर्ती कराया। अन्य को कस्बे में ही उपचार दिलाया। टक्कर से कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।