मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैराना और कांधला के बीच पीएसी कंपनी कैंप स्थापना को लेकर ट्वीट किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया है कि आज कैराना और कांधला से कोई किसी को भगाने का दुस्साहस नहीं कर सकता। सीएम के ट्वीट के बाद प्रशासन ने भी पीएसी कैंप के स्थल की स्थापना के लिए तैयारी तेज कर दी है। संभावना है कि आचार संहिता लागू होने से पहले इसके लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह ट्वीट सोमवार रात 11 बजकर 10 मिनट पर किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि पहले जिले बना दिए गए, लेकिन पुलिस लाइन नहीं बनाई गई। छह जिलों में पुलिस लाइन के लिए हमारी सरकार पैसा दे रही है। आज कोई कैराना और कांधला से किसी को भगाने का दुस्साहस नहीं कर सकता है। सरकार ने फैसला किया है कि कैराना और कांधला के बीच पीएसी कंपनी की एक कैंप स्थापित होगी। सीएम के इस ट्वीट में इशारा कैराना पलायन की तरफ था। उपचुनाव के दौरान यहां आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैराना और कांधला के बीच पीएसी की एक बटालियन की स्थापना की घोषणा की थी। उसी के बाद से सरकार इस पर काम कर रही थी। पिछले दिनों से ही पीएसी के अफसरों ने मेरठ का दौरा कर इस बटालियन की स्थापना के लिए कैराना और कांधला के बीच गुर्जरपुर और ऊंचा गांव के लिए जमीन का चयन किया था।