पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भ्रूण लिंग परीक्षण का खेल लगातार चल रहा है। शुक्रवार को सोनीपत की टीम ने मेरठ में एक और अल्ट्रासाउंड सेंटर पर भ्रूण लिंग परीक्षण होते पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से नर्स समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर अल्ट्रासाउंड मशीन सीज कर दी। हालांकि, आरोपियों को धारा 41 ए का नोटिस देकर सिविल लाइन थाने से छोड़ दिया गया।
मेरठ में अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर भ्रूण लिंग परीक्षण होने की शिकायत सोनीपत के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लगातार मिल रही थी। शुक्रवार को सोनीपत के डिप्टी सीएमओ आदर्श शर्मा व डॉ. अविनीता कौशिक ने सोनीपत की दुर्गा नाम की महिला को मेरठ में सिविल लाइन क्षेत्र के न्यू मोहनपुरी स्थित डॉ. रामकुमार शर्मा के शलभ अल्ट्रासाउंड सेंटर पर भेजा। दुर्गा ने सोनीपत के नरेश, कमलेश और कौशल के जरिये अल्ट्रासाउंड सेंटर पर 11 हजार रुपये में लिंग परीक्षण कराना तय कर लिया।
शाम पांच बजे दुर्गा का भ्रूण लिंग परीक्षण अल्ट्रासाउंड सेंटर पर स्टाफ नर्स रेनू निवासी न्यू मोहनपुरी ने करना शुरू कर दिया। तभी सोनीपत की स्वास्थ्य टीम ने अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारा। छापे में डीएम जगतराज त्रिपाठी के निर्देश पर एसीएम सिविल लाइन राकेश सिंह, डॉ. प्रेमसिंह और सिविल लाइन थाने की पुलिस मौजूद थी। स्वास्थ्य टीम ने नर्स रेनू निवासी न्यू मोहनपुरी, दलाल नरेश निवासी सोनीपत, कमलेश निवासी नौचंदी और कौशल निवासी न्यू मोहनपुरी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
अल्ट्रासाउंड मशीन सीज
सिविल लाइन थाने के कार्यवाहक एसओ राजीव सक्सेना ने बताया कि अल्ट्रासाउंड मशीन को सीज कर दिया है। नर्स समेत चार लोगों को मौके से भ्रूण लिंग परीक्षण करते पकड़ा गया था, जिन्हें धारा 41 ए का नोटिस देकर थाने से छोड़ा गया है। सोनीपत की स्वास्थ्य टीम लगातार अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापामारी कर लिंग जांच करने वालों की धरपकड़ कर रही है। मौके से आठ हजार रुपये बरामद हुए हैं।
यूपी से नहीं टूट रहे गिरोह के लिंक
सोनीपत के सीएमओ डॉ. जेएस पूनिया ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग लिंग जांच रोकने का प्रयास कर रहा है। प्रदेश में दबाव के चलते अब आसपास के राज्यों में भ्रूण लिंग जांच करवाई जा रही है। इसी के चलते सोनीपत की टीम दिल्ली के मयूर विहार, नरेला, यूपी में नोएडा में कामयाब छापामारी कर चुकी है। अब मेरठ में पैसे लेकर लिंग जांच करते हुए एक बीएएमएस डॉक्टर, स्टाफ नर्स और दलाल को गिरफ्तार कराया गया है।