सरधना। नगर पालिका उपचुनाव में सभासद पद पर जीत के बाद शाहिदा का स्वागत करते समर्थक। संवाद
पूर्व सभासद वसीला के निधन के बाद रिक्त हुई थी सीट
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका के वार्ड संख्या 15 मोहल्ला जोगियान के सभासद पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार को तहसील परिसर में शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न हुई। इस उपचुनाव में शाहिदा पत्नी तराबुद्दीन ने 568 वोट प्राप्त कर निर्णायक जीत दर्ज की।
शाहिदा ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सलमा सितारा पत्नी शहजाद सितारा को 369 वोटों के अंतर से पराजित किया। सलमा सितारा को 199 वोट मिले, जबकि तीसरी प्रत्याशी मंजू पत्नी जयभगवान को 192 वोटों से संतोष करना पड़ा। यह सीट पूर्व सभासद वसीला के निधन के बाद रिक्त हुई थी। इसके चलते उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई थी। शुक्रवार को हुई मतगणना के दौरान प्रशासन व पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था रही। सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जैसे ही शाहिदा की जीत की घोषणा हुई समर्थकों ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। विजयी प्रत्याशी शाहिदा तराबुद्दीन ने कहा कि जनता ने जो भरोसा जताया है, वह उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने बताया कि वार्ड में सड़क, नाली और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा और विकास कार्यों को गति दी जाएगी।