दौराला। दौराला-सरधना मार्ग स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को उखाड़कर लूटने की साजिश के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी शादाब को गिरफ्तार कर लिया। रविवार देर रात हुई कार्रवाई में पुलिस पहले ही विनीत और आलोक को मौके से दबोच चुकी है, जबकि पुलिस पर फायरिंग कर दो आरोपी फरार हो गए थे।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि शादाब को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में अन्य वारदातों की साजिश रची थी या नहीं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर शेष आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।