शब- ए- बरआत पर आज से शहर में रूट डायवर्जन रहेगा। एसपी ट्रैफिक कि रन यादव के निर्देश पर रविवार शाम पांच बजे से सोमवार सुबह आठ बजे डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। टीएसआई संतोष कुमार ने बताया कि डायवर्जन के दौरान शहर में रोडवेज की बसें और भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगी। डायवर्जन को देखते हुए मुख्य चौराहों पर 44 स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती रहेगी।
शब-ए-बरआत को लेकर रविवार को शहर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों में पीएसी तैनात रहेगी। सुरक्षा के मद्देनजर शहर को चार जोन में बांटा गया है। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों के आठ थानों क्षेत्रों में एक-एक मजिस्टेट तैनात रहेंगे।
शहर के संवदेनशील थानों में कोतवाली, देेहलीगेट, लिसाड़ीगेट, सिविल लाइन, नौचंदी, लालकुर्ती, रेलवे रोड और सदर बाजार थाना क्षेत्रों में 40 प्वांइटों पर पीएसी तैनात रहेगी। इन प्वाइंटों में घंटाघर, रेलवे रोड, मछेरान, सोतीगंज, बेगमपुल, हापुड़ अड्डा, बुढ़ानागेट, जलीकोठी, भूमिया का पुल, एल ब्लॉक शास्त्रीनगर, इमलियान, खैरनगर, सर्राफा बाजार और लालकुर्ती के मिश्रित आबादी के क्षेत्र शामिल हैं। एसपी सिटी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र को देखते हुए आठ थाना क्षेत्रों पर एक मजिस्ट्रेट और एक सीओ की ड्यूटी रहेगी। जुलूस और अन्य कार्यक्रमों को देखते हुए सीओ और संबंधित थाना प्रभारियों को भी निर्देश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 4 कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, 150 दरोगा, और पांच सौ स्थानीय पुलिस के सिपाही तैनात रहेेंगे। कार्यक्रमों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस को भी निर्देश दिए गए हैं। इसमें सीओ को तीन तीन थाना प्रभारियों के साथ पीएसी के साथ फ्लैग मार्च निकालने के भी निर्देश दिए हैं।
यहां रहेगा डायवर्जन........
दिल्ली रोड पर क ोई भी बड़ा वाहन रोडवेज बस अड्डा से आगे नहीं जाएगा। दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन परतापुर तिराहे से बाईपास के रास्ते कंकरखेड़ा फ्लाइओवर होते हुए जाएंगे।
दिल्ली की तरफ से मुजफ्फरनगर की तरफ जाने वाले वाहन परतापुर बाईपास से निकाले जाएंगे। मुजफ्फरनगर से दिल्ली जाने वाले यातायात को भी ऐसे ही निकाला जाएगा।
गढ़ रोड, हापुड़ रोड की ओर आने वाली रोडवेज बसें सोहराब गेट बस अड्डे पर रोक दी जाएंगी। सोहराबगेट से मुजफ्फरनगर जाने वाली बसें तेजगढ़ी चौराहा से विवि रोड होते हुए कमिश्नर आवास चौराहा, जीरो माइल से मोदीपुरम फ्लाईओवर से रुड़की रोड जाएगी।
आबकारी चौपला से एल ब्लॉक शास्त्रीनगर तक और गांधी आश्रम चौराहे से भूमिया पुल तक सभी प्रकार का यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
खैरनगर से वैली बाजार, प्याऊ चौपला से वैली बाजार, घंटाघर से वैली बाजार की तरफ सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
दिल्ली की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें जिन्हें मेरठ आकर मुजफ्फरनगर जाना है, वे शोभापुर बाईपास चौपले से रोहटा रोड, पुराना आरटीओ कार्यालय से जली कोठी होते हुए भैंसाली आ सकेंगी। मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाली रोडवेज की बसें मोदीपुरम फ्लाईओवर, कंकरखेड़ा खेड़ा होते हुए रजबन पेट्रोल पंप, नैनसी चौराहा से औघड़नाथ मंदिर से वेस्ट एंड रोड होकर जीटीबी स्कूल से भैसाली की तरफ आ-जा सकेंगी।
सिटी बसें विवि रोड से जेलचुंगी, जीरो माइल से वेस्ट एंड रोड होकर रेलवे स्टेशन जा सकेंगी।
बिजनौर मवाना से आने वाला यातायात कमिश्नर आवास चौराहा से जेलचुंगी, एल ब्लॉक, होते हुए बिजली बंबा बाईपास से होते हुए आ जा सकेंगी।
कैंट रेलवे स्टेशन से चलने वाली बसें बाउंड्री रोड, जीरो माइल, कमिश्नर आवास चौराहा से तेजगढ़ी होते हुए मेडिकल पहुंचेंगी।