शादी की तैयारियां चल रही थी। एक सप्ताह पहले शिक्षक ने बारात लाने से इंकार किया तो युवती के परिजनों के होश उड़ गए। पीड़ित परिवार युवती को लेकर शनिवार को आईजी ऑफिस पहुंच गया। आईजी ने एसओ महिला थाने को तुरंत इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने शिक्षक को फोन कर केस दर्ज करने की बात कही तो वह तुरंत शादी करने को तैयार हो गया। शिक्षक मेरठ पहुंचा और मंदिर में शादी की।
हापुड़ की एक युवती की शादी इंचौली के एक युवक से 25 नवंबर को होना तय हुई थी। आठ महीने पहले ये शादी तय हुई थी। इस बीच युवक सरकारी शिक्षक बन गया। युवक और युवती अक्सर फोन पर बातचीत करते थे। आरोप है कि दोनों की बीच संबंध भी बन गए। शादी के दिन नजदीक आते देखकर युवती के परिजन शादी की तैयारी में लगे थे। 17 नवंबर को युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसकी जानकारी लगते युवती के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
शनिवार को युवती अपने परिजनों के साथ मेरठ आईजी रेंज ऑफिस पहुंचे। शिक्षक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की आरोप लगाकर शिकायती पत्र सौंपा। युवती ने 25 नवंबर को होने वाली शादी के कार्ड तक भी दिखाए। आईजी ने पीड़ित परिवार को महिला थाने में भेजकर शिक्षक पर कार्रवाई कराने का आश्वासन दे दिया। पीड़ित परिवार महिला थाने पहुंचा। एसओ महिला ने शिक्षक को फोन किया और केस दर्ज करने की बात कही और साथ ही नौकरी भी छूटने की बात कह दी।
एक घंटे में कचहरी पहुंचा शिक्षक
पुलिस का फोन सुनते ही शिक्षक युवती से शादी करने मेरठ पहुंच गया। एक वकील ने पुलिस की मौजूदगी में दोनों की कोर्ट मैरिज कराने के कागज तैयार कराए। इसी दौरान कचहरी स्थित मंदिर में दोनों की शादी हो गई। युवती अपने पति के साथ ससुराल में चली गई।