संवाद न्यूज एजेंसी
लावड़। कस्बा स्थित नगर पंचायत के सभागार में शुक्रवार को चेयरपर्सन आफताब बेगम की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
चेयरपर्सन आफताब बेगम व अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि कस्बे के दौराला-मसूरी मार्ग पर दूसरी तरफ भी पोल लगवाकर तिरंगा लाइट लगवाने का प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं कस्बे के मुख्य स्थानों, सार्वजनिक स्थलों पर हाईमास्ट लाइट लगवाने, कस्बे की लगभग तीन दर्जन गलियों का पुनर्निर्माण कराने, खराब पाइपलाइन बदलवाने, खराब पड़े नलों को रिबोर कराने के प्रस्ताव पारित किए गए।
इस दौरान कस्बे में वर्तमान में चल रहे विकास कार्यों के बारे में भी चर्चा हुई। नगर के सौंदर्यीकरण को बढ़ाने पर भी सभी एकमत नजर आए। बोर्ड बैठक के दौरान चेयरपर्सन पति हाजी शकील कुरैशी, मनोज गोयल, यादराम जाटव, आरिफ फैजी, रुखसाना, सबिया अंसारी, राजेश देवी, मनोहर सैनी, पिंकी, अयाज गुड्डू, आसिफ अंसारी आदि मौजूद रहे।
चेयरपर्सन लिखेंगी शासन को पत्र
चेयरपर्सन आफताब बेगम ने बताया कि शासन द्वारा प्रदेश भर में लागू स्वकर प्रणाली के अंतर्गत पानी का कनेक्शन न होने पर भी जलकर लागू हो गया है। नगरवासियों की समस्याओं के दृष्टिगत वह सभी सभासदों का हस्ताक्षरित पत्र शासन को भेजेंगी। पत्र के माध्यम से मांग की जाएगी कि जिन घरों व दुकानों पर जल संयोजन नहीं लगा हुआ है, उनसे जलकर न वसूला जाए। सभी सभासद इस विषय को लेकर एकजुट हैं।