रामपुर मनिहारान के गांव लंढोरा गुर्जर में भी बुखार ने लोगों को अपनी चपेट में ले रखा है। ग्राम प्रधान सहित उसके परिवार के सदस्य भी बुखार की चपेट में आने से नर्सिंग होम में भर्ती हैं। उधर लगातार मौतों के बाद एक बार फिर गांव में दहशत का माहौल हो गया है।
बता दें कि पिछले पखवाड़े में दस से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित हो कर अकाल मौत का शिकार इस गांव में हो चुके हैं। कुछ दिन शांति रहने के बाद दो दिनों में दो मौत होने के बाद अब भी भय का माहौल है।बुखार से मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम डा विनय कुमार की अगुवाई में गांव पहुंची और शिविर लगा कर 70 लोगों की जांच की।
जांच के दौरान दो रोगियों मोहिबा पुत्री इसलाम और मिस्बाह पुत्री कामिल की हालत बेहद गंभीर पाए जाने पर टीम ने तत्काल एंबुलेंस बुला कर उन्हें जिला अस्पताल भेजा। डॉ. विनय कुमार ने बताया कि टीम ने 16 स्लाइड मलेरिया की बनाई हैं और 18 रोगियों के खून के नमूने डेंगू की जांच के लिए इकट्ठा किए। उन्होंने बताया कि गांव में फॉगिंग भी कराई गई है।