सरधना। थाना क्षेत्र के गांव खिर्वा के जंगल में तीन दिन पहले हुई संरक्षित पशु की हत्या के मामले का पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। आक्रोशित लोगों को पुलिस को दो दिन में खुलासे के लिए चेतावनी दी थी। पुलिस कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सोमवार को बजरंग दल कार्यकर्ता इस मामले को लेकर पुलिस से मिले। पुलिस ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।
शुक्रवार की देर रात खिर्वा गांव के जंगल में गन्ने के खेत और आम के बाग में संरक्षित पशु की हत्या के बाद बड़ी मात्रा में अवशेष मिले थे। इसे लेकर मौके पर ही बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। उन्होंने दौराला गंगनहर पुल चौकी के प्रभारी पर सांठगांठ के गंभीर आरोप लगाए थे। मौके पर पहुंचकर एसपी देहात ने किसी तरह उन्हें शांत कराया था। सोमवार को भाजपा नेता अनिल चौधरी व अन्य इस मामले को लेकर पुलिस से मिले।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।