सीमेंट व्यापारी की तलाश के लिए खंगाले जा रहे सीसीटीवी
मोदीपुरम (मेरठ)। कंकरखेड़ा से लापता हुए सीमेंट व्यापारी विशाल उर्फ सागर का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस उसका पता लगाने के लिए कई क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। वहीं, चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। इस मामले में तहरीर के बाद मंगलवार देर रात अपहरण का केस दर्ज किया गया था। इसमें पड़ोसी दुकानदार से विवाद होने की बात भी सामने आई है। वहीं, परिजनों ने पुलिस पर एक विधायक के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए धरना दिया।
इस घटना में रिपोर्ट दर्ज कराने वाले लोनी गाजियाबाद निवासी मोहित ने बताया कि उसका साला विशाल उर्फ सागर सीमेंट सप्लाई का कार्य करता है। दो दिन पहले उसका पड़ोसी दुकानदार पवन सोम और उसके बेटे से झगड़ा हो गया था। विशाल जेवरी गांव में पेमेंट लेने जा रहा था। आरोप है कि इस दौरान पवन और उसका बेटा बाइक से उसका पीछा कर रहे थे। विशाल ने एक ऑडियो मैसेज भेजकर इसकी जानकारी भी दी। लेकिन, कुछ देर बाद ही उसका मोबाइल बंद हो गया। देर रात तक भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।
सीमेंट व्यापारी का सुराग नहीं मिलने पर परिजन थाने पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों को जल्द बरामदगी का आश्वासन दिया। वहीं, परिजनों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सत्ता पक्ष के एक विधायक के इशारे पर काम कर रही है। उन्होंने अनहोनी की आशंका व्यक्त की है।
इस बीच, एसपी सिटी विनीत भटनागर भी बुधवार को कंकरखेड़ा थाना पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कंकरखेड़ा से पल्लवपुरम तक हाइवे पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए। पुलिस टीमें सीसीटीवी खंगालने के साथ ही अन्य जानकारियां जुटा रही हैं।