मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के छीपी टैंक पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में सीनियर मैनेजर शिल्पी गुप्ता का पंखे से लटकता शव पाया गया। संदिग्ध परिस्थितियों में बैंक मैनेजर की मौत की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंखे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। खास बात यह है कि 30 अप्रैल को भाई की शादी होनी है।
भाई की शादी से पहले घर में सीनियर मैनेजर की मौत को लेकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस का कहना हैै कि तनाव के कारण मैनेजर ने यह कदम उठाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि 42 वर्षीया शिल्पी गुप्ता निवासी मकान नंबर 84 प्रभात वाली गली छीपी टैंक में रहती थीं। वह अविवाहित हैं। यूनियन बैंक आफ इंडिया की आगरा स्थित संजय पैलेस शाखा में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। पिता यूपी पुलिस से रिटायर्ड दरोगा हैं। मां आभा गुप्ता गुप्ता गृहिणी और छोटा भाई आशीष गुप्ता उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। छोटे भाई आशीष की शादी 30 अप्रैल 2026 को होनी है। शिल्पी फिलहाल घर आई हुई थीं।
सुबह वह खाना खाकर अपने कमरे में चली गईं। दोपहर में वह वापस नहीं आई तो पिता व भाई ने कमरे में जाकर देखा। वहां शिल्पी का शव पंखे से लटका हुआ था। शिल्पी का शव पंखे से लटका देख परिजनों ने सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव कब्जे में ले लिया। एसपी सिटी ने बताया कि घर पर शिल्पी के पिता, मां आभा गुप्ता व आशीष गुप्ता ही थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर आकर जांच पड़ताल की। एसपी सिटी ने बताया कि फिलहाल तनाव के कारण आत्महत्या की बात सामने आई है। जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।