दौराला (मेरठ)। ढाबे पर खाना खाने के बाद भुगतान को लेकर हुए विवाद में ग्राम सलावा निवासी युवक की ढाबा संचालक ने कारीगरों के साथ पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया जबकि दो फरार हैं।
सलावा गांव निवासी विशांत का शव बीती चार अगस्त की सुबह सकौती स्थित समिति की दुकान के समीप लावारिस हालत में पड़ा मिला था। परिजनों ने ढाबा संचालक पर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शुक्रवार को घटना का खुलासा कर दिया। सीओ दौराला पंकज सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस को बताया कि विशांत अपने दो साथियों के साथ मटौर स्थित एक ढाबे पर खाना खाने पहुंचा था। वहां भुगतान को लेकर विवाद हो गया। मारपीट में विशांत घायल हो गया। जिससे उसकी मौत हो गई थी। उसके दादा ज्ञान सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सलमान पुत्र इस्लामुद्दीन, कलवा उर्फ कालू, चंकी उर्फ नरेश निवासी दौराला को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि मोमीन पुत्र इस्लामुद्दीन निवासी दौराला एवं कमल निवासी जानसठ जनपद मुजफ्फरनगर फरार हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।