दौराला। पुलिस ने प्रेमी संग चले जाने से हुई बदनामी के चलते बेटी की हत्या के आरोप में शुक्रवार को माता-पिता को जेल भेज दिया। वहीं, अभी तीन लोग फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मछरी गांव निवासी ज्योति का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह बीती दो जुलाई को प्रेमी संग दिल्ली चली गई थी। पिता योगेश की शिकायत पर पुलिस ने किशोरी को दिल्ली से बरामद कर लिया था। ज्योति के बार-बार घर से चले जाने से हो रही बदनामी के चलते बुधवार देर रात पिता योगेश ने पत्नी रीनू, भाई नीरज, पिता नेपाल व एक अन्य कृष्णपाल के साथ उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए किशोरी के शव को श्मशान ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस बृहस्पतिवार को जानकारी पाकर पहुंची और किशोरी के पिता योगेश को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने किशोरी की अस्थियों को डीएनए टेस्ट के लिए कब्जे में लिया। वहीं, सीओ दौराला पंकज सिंह ने बताया कि पिता योगेश के अनुसार समाज में हो रही बदनामी की वजह से परिजन परेशान थे। जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। वहीं, देर रात योगेश की पत्नी रीनू को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पति-पत्नी को जेल भेज दिया है।
हत्या का पछतावा नहीं
बेटी की हत्या कर शव को श्मशान में जलाने के आरोपी माता-पिता को अपने कृत्य पर जरा भी अफसोस नहीं है। ज्योति के पिता योगेश एवं माता रीनू का कहना था कि बेटी ने समाज में सिर उठाने के काबिल नहीं छोड़ा।
फरार आरोपियों की तलाश में दबिश
पुलिस ने मृतका ज्योति की हत्या में शामिल चाचा नीरज, दादा नेपाल व एक अन्य कृष्णपाल की तलाश में शुक्रवार को कई स्थानों पर दबिश दी। सीओ दौराला पंकज सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।