मेरठ में स्पोर्ट्स कारोबारी रजनीश सखूजा ने अपने लैपटॉप से दोस्त को सुसाइड नोट ई-मेल किया था। पुलिस ने कारोबारी के लैपटॉप की जांच की तो यह बात सामने आई। लैपटॉप कब्जे में ले लिया गया है। हालांकि आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस कारोबार में घाटा होने या फिर कोई अन्य वजह की गहनता से पड़ताल कर रही है।
एसपी सिटी मानसिंह चौहान के मुताबिक कारोबारी ने अपने लैपटॉप में अंग्रेजी में सुसाइड नोट टाइप कर अपने दोस्त विशाल घई को ई-मेल किया था। सुसाइड नोट में लिखा है कि ‘मैं अब जा रहा हूं, अपनी मर्जी से सुसाइड कर रहा हूं। इस मेल को पुलिस और घर वालों तक पहुंचा देना। तुम्हारा भाई बहुत सपोर्ट रहा, मगर कुछ कर नहीं पाया इस लाइफ में। अब और हिम्मत नहीं है यार’। ‘भाई एक मिंटू के अलावा और कोई लाइफ में नहीं है। लाइफ में वो दूर है, हो सके तो टच में रहना’।
अपनी पत्नी का नाम लिखते हुए लिखा कि ‘हो सके तो रितु के टच में रहना, अपकंट्री का देख लेना, यदि कोई समस्या आए तो उसके लिए मिंटू को भी मेल भेज रहा हूं। फाइनेंस के बारे में भी देख लेना’। साथ ही लिखा है कि ‘पिस्टल को बेचकर पैसा मिल जायेगा कुछ, बाकी बस एक और बात ध्यान रखना कि मेरे जनाजे के बाद ऊपर वाले शमशान घाट भी ना वो आएं तो मेरी आत्मा को शांति मिलेगी’।