गाड़ी मिलने की सूचना पर एसएसपी आवास पहुंची डायरेक्टर
दिल्ली में फिल्म डायरेक्टर की फॉरच्यूनर गाड़ी को चोरी कर बदमाश मेरठ ले आए। सोतीगंज के कबाड़ियों से डीलिंग कर गाड़ी को बदमाशों ने शास्त्रीनगर में एक गोदाम में खड़ी कर दी। वहीं गाड़ी का जीपीएस चालू रहा, जिसके चलते पुलिस ने गाड़ी को बरामद कर लिया, लेकिन बदमाश फरार हो गए।
दिल्ली के पटेलनगर निवासी निम्मी सिंह फिल्म डायरेक्टर हैं। बृहस्पतिवार रात एक बजे उनके आवास के बाहर से उनकी फॉरच्यूनर चोरी हो गई। करीब 4 बजे गाड़ी चोरी होने की जानकारी निम्मी को लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गाड़ी में लगे जीपीएस से उसकी लोकेशन देखी, जो मेरठ में बताई गई।
दिल्ली पुलिस ने मेरठ पुलिस से संपर्क किया व सोतीगंज में गाड़ी जाने का अंदेशा जताया। फिल्म डायरेक्टर ने मेरठ एसएसपी को मेसेज भी किया। एसएसपी मंजिल सैनी ने एएसपी कैंट अंकित मित्तल व सदर थाना पुलिस को लगाया। सुबह 11 बजे गाड़ी की लोकेशन शास्त्रीनगर में मिली तो सदर थाना पुलिस ने दबिश देकर गाड़ी बरामद कर ली।