थर्ड डिग्री देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
मेरठ। मुबारिकपुर निवासी मोहित हत्याकांड के मामले में छोटे भाई को थर्ड डिग्री देने का मामला मंगलवार को तूल पकड़ते ही पुलिस ने रात में ही उसे छोड़ दिया। जिसके बाद उसके पिता थर्ड डिग्री देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए जेल चुंगी रोड स्थित एडीजी कार्यालय पहुंचे। जहां पीड़ित को बुधवार को अधिकारी से मिलने का समय दिया गया है।
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर निवासी मोहित शर्मा उम्र 28 वर्षीय पुत्र अरुण शर्मा की 26 दिसंबर की रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मामले में पड़ोसी दो युवकों को नामजद कराते हुए संगीन धारा में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने रविवार को पूछताछ के लिए मृतक के छोटे भाई सन्नी को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद रात को सन्नी को पुलिस वालों ने जमकर थर्ड डिग्री देते हुए हत्या कबूल करने का दबाव बनाया। लेकिन परिजनों के हंगामे के बाद सन्नी को पुलिस ने छोड़ दिया। वहीं, उसका पिता बेटे सन्नी को लेकर जेल चुंगी रोड पर एडीजी कार्यालय पहुंचा था। जहां पीड़ित को अगले रोज आने का समय देते हुए वापस भेज दिया। पिता अरुण शर्मा ने बताया कि उसके बडे़ बेटे की मौत के बाद दूसरे बेटे को पुलिस जबरन हत्या के मामले में फंसाकर जेल भेजने का प्रयास कर रही है। उसके बेटे को थर्ड डिग्री दी गई है। थर्ड डिग्री देने वालों पर कानूनी कार्रवाई क की गुहार लगाने के लिए बुधवार को दोबारा से एडीजी कार्यालय पहुंचेगा।