पुलिस-प्रशासन के भारी बंदोबस्त के दावों के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में चूक हुई हैं। इसकी रिपोर्ट खुफिया विभाग ने शासन को भेजी है। खुफिया रिपोर्ट की मानें तो उसमें बताया गया है कि मंगलवार सुबह मलिन बस्ती शेरगढ़ी में जब मुख्यमंत्री पहुंचे तो वहां पुलिस की व्यवस्था ठीक नहीं थी। यही नहीं, मुख्यमंत्री ने खुद भी पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से व्यवस्था ठीक न होने की बात कही थी। शेरगढ़ी में मुआयने के दौरान कई खामियां पुलिस की तरफ से थी।
वहीं लोगों ने सीएम का जोरदार स्वागत किया, तो वहीं दूसरी ओर कुछ लोग साजिश के तहत हंगामा करना चाहते थे। इसकी जानकारी के बावजूद पुलिस का सुरक्षा कवच मजबूत नहीं बताया गया। रही सही कसर शास्त्रीनगर आई ब्लॉक पर पूरी हो गई। सीएम का काफिला ठीक से गुजरा भी नहीं था कि लोगों ने हंगामा कर सड़क पर जाम लगाया और शराब के ठेके पर तोड़फोड़ और लूटपाट कर ठेके के साथ उससे सटे पेट्रोल पंप और गैस सिलेंडर से भरी गाड़ी में आग लगाने का प्रयास तक किया। मेरठ पुलिस-प्रशासन की लापरवाही की रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। इस मामले में जल्द कार्रवाई भी हो सकती है।