‘जला अस्थियां बारी-बारी, चटकाई जिनमें चिंगारी
जो चढ़ गए पुण्यवेदी पर, लिए बिना गर्दन का मोल
कलम आज उनकी जय बोल’
लगभग 37 डिग्री तापमान! दोपहर के पौने 12 बजे पसीने से तरबतर लोगों के सामने जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन पंक्तियों से अपने भाषण का आगाज किया, तो जनता देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गई। उन्होंने उसी अंदाज में संवाद किया, जिसका जनता को इंतजार था। उन्होंने मुद्दों को छुआ। साथ ही अपने इरादे भी साफ जता दिए कि भले ही नारा ‘सबका साथ सबका विकास’ है। लेकिन एजेंडा बिल्कुल साफ है।
ठीक 11 बजकर 45 मिनट पर योगी ने माइक थाम लिया। ज्यादा देर नहीं की और उनसे पहले केवल सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने ही संबोधन किया। हालांकि सांसद ने भी मेरठ की विभिन्न समस्याओं को उठाया। उसके बाद योगी ने सीधा जनता की नब्ज पर हाथ धरा। स्थानीय मुद्दों पर उन्होंने क्रांतिकारी मंगल पांडे का नाम लिया तो मातादीन का नाम लेने से भी नहीं भूले। चूंकि मातादीन मेरठ के क्रांतिकारी थे, तो उन्होंने उनका जिक्र किया।
शोहदों को किसी सूरत में नही बख्शेेंगे
योगी के एंटी रोमियो दस्ते को लेकर सबसे ज्यादा प्रदेश में प्रतिक्रियाएं आई हैं। जनता चाहती है कि इस पर काम हो। योगी ने भी साफ कहा कि इस दस्ते को और मजबूत किया जाएगा। शोहदों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। बहन-बेटियों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी हम पर है और पुलिस अपना काम मजबूती से करेगी। उनकी इस बात पर सबसे ज्यादा तालियां बजीं।
किसानों पर लक्ष्य
किसान परेशान है। खासतौर पर आलू किसान इस समय दुर्गति की मार झेल रहा है। किसानों ने मंडल मुख्यालय पर सड़कों पर आलू बिखेरकर प्रदर्शन भी किए। योगी ने इस पर भी टारगेट किया। कहा कि किसान केंद्र और प्रदेश दोनों ही सरकार की प्राथमिकता में है। खासतौर पर किसानों के लिए मंडियों का दौरा किया गया। गेहूं और आलू क्रय केंद्र खुलवाए। यदि बाजार में आलू या गेहूं का सही भाव मिल रहा है, तो किसान वहीं बेचे। लेकिन यदि वहां भाव नही है तो सरकारी केंद्र पर आएं। आलू का तो 487 रुपये प्रति कुंतल का भाव फिक्स किया। कहा कि कटे फटे या आकार का बहाना बनाकर किसानों को तंग नही किया जाएगा। चार एजेंसी इस काम में लगाई हैं, जो सारा आलू लेंगी। गन्ना किसान को जहां पिछला पैसा दिलाया, तो वहीं चालू सत्र के भुगतान पर भी फोकस किया।
बिजली, पानी, शहर का विकास
योगी ने बिजली, पानी और विकास की बात की। स्वच्छता को लेकर कहा कि गंदे शहरों में आधे से ज्यादा यूपी के हैं। ऐसे में अब यहां काम होगा। खासतौर पर मेरठ में फोकस किया। बिजली, पेयजल पर काम होगा। सफाई व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी।
मोटे पेट वाले कर लें अभी से अभ्यास
योगी ने 21 जून को प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों में जुट जाने को कहा। बोले कि सभी शहरों में बड़े स्तर पर इसका आयोजन होगा। उन्होंने चुटकी ली कि मोटे पेट वाले अभी से जुट जाएं ताकि इसका अच्छा अभ्यास हो सके।