- कर्णघाट का निरीक्षण कर अधिकारियों को जल्द व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
- दुकानदारों ने सजानी शुरू की दुकानें
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। महाभारत कालीन ऐतिहासिक नगरी के प्राचीन बूढ़ी गंगा घाट पर लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को एसडीएम संतोष कुमार ने कर्णघाट पहुंचकर मेला स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों को जल्द से जल्द घाट तैयार करने तथा मेला स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि मेला स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को कोई भी असुविधा न हो पर्याप्त रोशनी सफाई व्यवस्था पेयजल व्यवस्था सुलभ शौचालय आदि की व्यवस्था समय से पूर्ण कर ली जाए। मेले में दुकानदारों के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। सैकड़ों दुकानदार ऐतिहासिक नगरी में पहुंचकर अपनी दुकानें लगाने और सजाने में जुट गए हैं। मेला स्थल पर धीरे-धीरे रौनक बढ़ने लगी है। नगर पंचायत की ओर से 23 से 25 नवंबर तक कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले का आयोजन किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा खटीक ने बताया कि नगर पंचायत के अधिकारियों को मेले की तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की लगातार रिपोर्ट ली जा रही है।