मेरठ। एसडी सदर इंटर कॉलेज में चल रही अंडर 16 हॉकी प्रतियोगिता में बुधवार को दो मुकाबले हुए। इसमें पहला मुकाबला विजन एकेडमी और यंग्स स्टार टीम के बीच मैच हुआ। इसमें विजन एकेडमी की टीम ने 2-1 से मुकाबला जीता। दूसरे मुकाबले में एसडी ब्लू की टीम ने जीत प्राप्त की।
पहले मैच में विजन एकेडमी टीम की ओर से मैच के 10वें मिनट में मयंक त्यागी ने गोल दागा व मैच के 34वें मिनट में अनमोल चौहान ने अपनी टीम के लिए एक गोल दागा। यंग्स स्टार टीम की ओर से एकमात्र गोल रुद्र प्रताप ने किया। दूसरा मुकाबला एसडी ब्लू टीम व क्लासिक क्लब संग खेला गया। रोमांचक खेल गए मैच में एसडी ब्लू टीम ने क्लासिक क्लब को 3-1 से मात देकर जीत हासिल की।
एसडी ब्लू टीम की ओर से मैच के 5वें मिनट में शाहिल अंसारी, 18वें मिनट में वंश सिंघल और 35वें मिनट में निशांत ने अपनी टीम के लिए गोल किए। क्लासिक क्लब की ओर मयंक पाल ने अपनी टीम के लिए गोल किया। मैच के निर्णायक अमन शर्मा, अर्पित शर्मा रहे। प्रधानाचार्या अरुण कुमार गर्ग ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रशिक्षक जोगेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम 4 बजे क्वार्टरफाइनल मैच होगा।