माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। विद्यार्थियों को सुरक्षित परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए मेरठ में 11 से 25 अगस्त तक मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के अंतर्गत 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान जिले में संचालित विद्यालयों के वाहनों का निरीक्षण, सत्यापन किया जाएगा।
एआरटीओ विकास कुमार यादव ने बताया कि अभियान में ऐसे विद्यालयों का भी सत्यापन होगा जो निजी अथवा अनुबंधित वाहनों से विद्यार्थियों का परिवहन करा रहे हैं। वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, कर अदायगी, चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस आदि की जांच होगी। देखा जाएगा कि उसमें प्राथमिक उपचार पेटी और अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लगे हैं या नहीं। आपातकालीन निकास तथा रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप सहित सभी सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।
जिन विद्यालयों में बिना पंजीकृत या नियमों के विपरीत वाहनों से विद्यार्थियों का परिवहन कराया जा रहा होगा, उनकी अलग सूची तैयार की जाएगी। सभी वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन, स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराया जाया जाएगा।