- आरोपी पीड़ित परिजनों को केस वापस लेने की दे रहे धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा। थाना क्षेत्र के गांव महलका निवासी बीए द्वितीय वर्ष की अनुसूचित जाति की छात्रा का अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि नामजद आरोपी अब पीड़िता के परिजनों को केस वापस लेने के लिए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसएसपी के आदेश पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसके बाद सीओ मवाना ने गांव पहुंचकर पीड़ित पक्ष से घटना की पूरी जानकारी ली।
छात्रा मेरठ के गंगानगर स्थित एक कॉलेज से बीए कर रही है। गत 22 जून को गांव के ही कुछ दबंगों ने उसका अपहरण कर लिया था। परिजन जब इस घटना की रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें टरका कर इंचौली थाने भेज दिया। इंचौली पुलिस ने मामले को केवल गुमशुदगी में दर्ज किया, लेकिन छात्रा की बरामदगी के लिए कोई प्रयास नहीं किया। इस बीच आरोपियों ने पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने के लिए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।
पीड़ित पिता अपनी बेटी की सकुशल वापसी के लिए पुलिस और आरोपियों के आगे गुहार लगाता रहा, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो उसने एसएसपी अविनाश पांडेय से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर फलावदा पुलिस ने महलका निवासी मोहित सैनी, रुपेंद्र, विपिन, सचिन सैनी, शकुंतला और जगरोशन आदि के खिलाफ अपहरण, एससीएसटी एक्ट व अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
विवेचक सीओ पंकज लवानिया ने महलका पहुंचकर पीड़ित परिवार की व्यथा सुनी और उन्हें पूरी सुरक्षा व निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सीओ का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर छात्रा का तलाश लिया जाएगा।
-