मेरठ। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुभाष चंद्र प्रजापति ने कहा कि राज्य आपदा प्रबंध प्राधिकरण ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए सुरक्षात्मक उपायों का पालन करने पर जोर दिया है। वहीं, आमजन से अपील की कि कोरोना वायरस से घबराए नहीं। खुद भी बचें और सबको बचाएं।
उन्होंने बताया कि प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने पत्र भेजकर कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सफाई तथा लोगों से दूरी बनाकर रखें। कुछ समय के अंतराल में साबुन, अल्कोहल एवं सैनिटाइजर से हाथ साफ करते रहें। खांसते एवं छींकते समय मुंह एवं नाक को रूमाल तथा टिशू पेपर से अवश्य ढकें। इसके बाद टिशू पेपर को बंद ढक्कन वाले डस्टबिन में डालें। छींकते समय मुंह कोहनी के मध्य रखेें। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों से उचित दूरी बनाए जिनमें फ्लू सरीखे लक्षण दिखाई दे रहे हों। शरीर का तापमान नियमित रूप से नोट करें तथा संास लेने से परेशानी आदि लक्षणों पर ध्यान देते रहें। किसी प्रकार का बुखार व खांसी की शिकायत होने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लें। चिकित्सक से संपर्क के दौरान मुंह और नाक पर मास्क या रुमाल रखें। वहीं, अफवाह फैलाने एवं उस पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी। जिससे भय का वातावरण उत्पन्न न हो सके।