- कालिंदी गेट और मिहिर भोज चौक से शुरू होगी यात्रा, राजपूत उत्थान सभा ने की अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। यूजीसी के प्रावधानों के विरोध में राजपूत उत्थान सभा की ओर से सोमवार को अस्तित्व बचाओ पैदल यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर आयोजकों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभा के पदाधिकारियों के अनुसार यात्रा में युवाओं और समाज के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजकों के मुताबिक, पैदल यात्रा चौबीसी क्षेत्र के कालिंदी गांव स्थित कालिंदी गेट और क्षत्रिय सम्राट मिहिर भोज चौक से शुरू होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा दोपहर 3:00 बजे आरंभ की जाएगी। सभा की ओर से यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। राजपूत उत्थान सभा के अध्यक्ष डॉ. अजय सोम का कहना है कि यूजीसी के प्रावधानों को लेकर समाज में असहमति है। इसी के विरोध में पैदल यात्रा आयोजित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से अपनी मांग और आपत्तियां प्रशासन एवं सरकार तक पहुंचाई जाएंगी। सभा ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं और आम लोगों से पैदल यात्रा में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों के पहुंचने का आह्वान किया है।