मेरठ। गोल्डन ब्वॉय सौरभ चौधरी का शानदार सफर जारी है। जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप और जूनियर एशियन एयरगन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले सौरभ ने एक और सफलता हासिल की। सोमवार को दोहा में हुई 14वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। सौरभ की जीत पर गांव कलीना में खुशी मनाई गई। परिजनों ने मिठाई बांटी।
17 वर्षीय युवा निशानेबाज सौरभ चौधरी शूटिंग में मील का पत्थर बन गए हैं। किसान जगमोहन सिंह के घर जन्मे सौरभ 10 मीटर एयर पिस्टल के शूटर हैं। उन्होंने पिछले वर्ष 2018 में जर्मनी में आयोजित आईएसएसएफ विश्व में रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाकर मेरठ ही नहीं देश को नाम रोशन किया। जिसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार 10 से ज्यादा स्वर्ण पदकों पर अपना कब्जा जमाया। एक के बाद एक स्वर्ण पदक जीतने पर लोग उन्हें गोल्डन ब्वॉय कहकर पुकारने लगे हैं। हालांकि पिछले तीन महीनों में सौरभ ने ये दूसरे रजत पदक पर कब्जा किया। लेकिन वो अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत पहले ही ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं। वर्ष 2018 में जहां सौरभ ने 10 से ज्यादा मेडल जीते, वहीं ओलंपिक इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय स्तरीय शूटिंग में 6 पदकों पर कब्जा जमा चुके हैं। सौरभ के पिता जगमोहन सिंह ने बताया सौरभ मेरठ से बड़ौत प्रतिदिन शूटिंग अभ्यास के लिये जाता था। उसके कोच अमित शहरोण ने सौरभ को ऊंचाई पर पहुंचाया। आज भी सौरभ मेरठ आते ही अभ्यास के लिये बड़ौत जाता है।
उपलब्धि -
जून 2018: आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप जर्मनी में वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल।
जुलाई 2018: 28वीं जूनियर शूटिंग मीट चेक रिपब्लिक में गोल्ड मेडल।
अगस्त 2018: 2018 एशियन गेम्स में रेकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल। यह इवेंट इंडोनेशिया के जकार्ता में हुआ था।
सितंबर 2018: आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप साउथ कोरिया में जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल।
नवंबर 2018: जूनियर एशियन एयरगन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल। यह प्रतियोगिता कुवैत में हुई थी।
फरवरी 2019: आईएसएसएफ वर्ल्ड कप नई दिल्ली वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल और मिक्स्ड इवेंट में भी गोल्ड मेडल।
मार्च 2019: एशियाई एयरगन चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक।
नवंबर 2019. एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक।