सत्यप्रकाश ने हवाई अड्डे के लिए जमीन और सोमेंद्र ने मांगा रिंग रोड
- कैंट विधायक ने सीएम और दक्षिण विधायक ने की गड़करी से की मुलाकात
मेरठ। कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर मेरठ में हवाई अड्डे के लिए जमीन दिलाने की मांग की। वहीं, दक्षिण विधायक सोमेंद्र तोमर ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी से मुलाकात कर कई साल से लंबित रिंग रोड बनवाने की मांग की।
विधायक सोमेंद्र तोमर ने एक्सप्रेसवे के लिए केंद्रीय मंत्री को आभार जताया। विधायक ने बताया कि मेरठ की लाइफ लाइन रिंग रोड का निर्माण कई वर्षों से रुका हुआ है। शहर में यातायात का दबाव बढ़ने के कारण बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहन शहर के अंदर से गुजरते हैं, जिसके कारण जाम की स्थिति बन जाती है। व्यापारियों और लोगों को समस्या होती है। रिंग रोड का निर्माण होने से तेजी से विकास होगा। रिंग रोड को लेकर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक जवाब दिया है।
कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में जीत पर बधाई दी। उन्होंने मेरठ में हवाई अड्डे के लिए जमीन को लेकर बात की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जवाब मांगा है। इससे पहले विधायक ने अयोध्या में राम लला और हनुमान गढ़ी के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास से भेंट की।