शिरोमणि अकाली दल इस बार अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ेगा। सम्मानजनक सीटें मिली तो गठबंधन कर सरकार बनाने में सहयोग करेगा। दल सत्ता में आया या उसकी अधिक भागीदारी रही तो किसानों को 24 घंटे मुफ्त बिजली मिलेगी। लोकसभा चुनाव के लिए समाज के तमाम लोगों को एकजुट करने के लिए सहारनपुर में 25 सितंबर को महान सिख महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। ये बातें बुधवार को नेशनल हाईवे स्थित अमनतास रिसोर्ट में शिरोमणि अकाली दल की प्रेसवार्ता में दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरदार प्रेम सिंह चंदू माजरा ने कहीं।
उन्होंने कहा कि सिख समाज के पिछड़ने का कारण है कि वह राजनीति में आगे नहीं है। अगर समाज अपना उत्थान चाहता था तो उसे राजनीति में आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि सभी धर्म, वर्ग के लोगों को संगठित कर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ, दिल्ली, उत्तराखंड आदि राज्यों में अपनी ताकत बढ़ाऐंगे। 2019 के लोकसभा चुनाव में अकाली दल अपने दम पर चुनाव लड़ेगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। 25 सितंबर को गुरुजी के प्रकाश पर्व पर सहारनपुर में आयोजित महान सिख महासम्मेलन में पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखवीर सिंह बादल, सरदार मंजीत सिंह मुख्यातिथि होंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक सभी राजनैतिक पार्टियों ने समाज को तोड़ने व बांटने का काम किया है। लेकिन शिरोमणी अकाली दल सिर्फ लोगों के विकास की बात करेगा। दलित, मजदूर, किसान सभी को दल में प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षित होने व राजनीति में आगे आने का आह्वान किया।
कांग्रेस का हाथ कभी नहीं थामेंगे
सांसद सरदार प्रेम सिंह ने कहा कि चुनाव में अगर सम्मानजनक सीटें मिलती हैं और कोई हमारी तरफ हाथ बढ़ाता है, हमारी सभी शर्तें मानता है तो महागठबंधन में शामिल हो सकते हैं। लेकिन कभी भी कांग्रेस का हाथ नहीं थाम सकते। कांग्रेस ने हमेशा सिखों के साथ धोखा किया है। अगर भाजपा उनकी बातों पर अमल करे तो सबसे पहले भाजपा से गठबंधन के लिए तैयार हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाबी जट सभा के अध्यक्ष शिव रतन मंसद ने की। संचालन भूपिंदर सिंह जस्सर ने किया। इस दौरान बृजपाल सिंह, चौधरी सत्यवीर सिंह सिवाच, चौधरी राजवीर सिंह, धर्मेन्द्र सिंह सोहल, तेजिन्दर सिंह, पंकज खन्ना, तरसेम सिंह, भूपेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।