- प्रेमिका की शादी का सरवर को जिम्मेदार मानता था दोस्त राहुल, इसी रंजिश में कर दी हत्या
- गढ़ के होटल में गोली मारकर की थी हत्या, बाद में शव नहर में फेंका था
- हापुड़ के नानपुर गांव में रजबहे के पास मिला था शव
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर(मेरठ)। थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव बस्तौरा नारंग निवासी सरवर (38 ) की हत्या उसके दोस्त राहुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी। राहुल अपनी प्रेमिका की शादी का सरवर को जिम्मेदार मानता था, इसी रंजिश में उसने हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को हत्या का खुलासा करते हुए राहुल समेत होटल मालिक और मैनेजर गिरफ्तार कोर्ट में पेश करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
बस्तौरा नारंग गांव से करीब एक सप्ताह पूर्व वकील का बेटा सरवर लापता हो गया था। उसका शव हापुड़ जनपद के नानपुर गांव में रजबहे के पास मिला था। सोमवार को मृतक के भाई रुस्तम ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि सरवर 16 अगस्त को अपने साथी किठौर थाना क्षेत्र के कोठरा गांव निवासी राहुल के साथ घर से गया था। सरवर कैराना में भी रहता था, इसलिए परिजनों को लगा कि वह कैराना गया होगा। इसी राहुल का फोन सरवर के बड़े भाई रुस्तम के फोन पर आया कि सरवर का मोबाइल लगातार बंद जा रहा है।
रुस्तम के अनुसार, 16 अगस्त को सरवर से फोन पर बातचीत भी हुई थी। उस दौरान उसने बताया था कि कुछ लोगों ने उसे पकड़ रखा है। परिजनों ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और समझा कि वह नशे में होने के कारण ऐसी बातें कर रहा है। क्योंकि वह अक्सर घर से बाहर रहता था।
मृतक के भाई रुस्तम की तहरीर पर नजाकत और राहुल के खिलाफ हस्तिनापुर थाने पर अपहरण और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। एसएसपी ने खुलासे के लिए चार टीम लगाए। बुधवार को पुलिस ने सरवर हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि हत्या का मुख्य आरोपी राहुल अपनी पुरानी प्रेम कहानी को लेकर सरवर से रंजिश रखता था। राहुल का एक युवतीप्रेम प्रसंग था, लेकिन बाद में उसकी शादी कहीं और हो गई। राहुल इसके लिए सरवर को जिम्मेदार मानता था।
हत्या के मुख्य आरोपी राहुल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि सरवर ने ही उसकी प्रेमिका की शादी कहीं और कराई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। राहुल के मन में सरवर के प्रति नाराजगी बढ़ती गई।
-
साथियों के साथ साजिश रच कर की हत्या
पुलिस की पूछताछ में राहुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर सरवर की हत्या की साजिश रची। राहुल 16 अगस्त को सरवर को अपने साथ लेकर गया था। इसके बाद जनपद हापुड़ के गढ़ में चौपला (स्याना चौराहा) के पास स्थित एक होटल के कमरे में सरवर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को बेडशीट में बांधकर मध्य गंग नहर में फेंक दिया। बाद में हापुड़ जनपद के नानपुर गांव के जंगल में रजबहे के किनारे सरवर का शव मिला था।
-
साक्ष्य छिपाने में होटल मालिक और मैनेजर की भूमिका
एसपी देहात ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने राहुल की निशानदेही पर हत्या की घटना के साक्ष्य छिपाने के आरोप में होटल मालिक रोबिन निवासी झड़ीना थाना गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ एवं होटल मैनेजर ओमेंद्र निवासी ग्राम लोधीपुर झपका थाना गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ को भी गिरफ्तार किया। प्रकरण से संबंधित बेडशीट के रंग से मिलता-जुलता एक तकिये का कवर भी बरामद कियाय। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है। कोर्ट में पेश करके तीनों को जेल भेज दिया गया।
-
महिला से प्रेम प्रसंग की पुलिस कर रही जांच
एसपी देहात के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी प्रेम कहानी को लेकर रंजिश सामने आई है। हालांकि प्रेम प्रसंग और सरवर को महिला की शादी के लिए जिम्मेदार मानने से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाल रही है।