मेरठ के जानीखुर्द में नगर पंचायत सिवाल खास कार्यालय पर वेतन काटने का आरोप लगाते हुए सफाई कर्मियों ने हंगामा किया। इस दौरान ईओ के साथ मारपीट भी की गई। ईओ का आरोप है कि उन्हें एक घंटा बंधक बनाए रखा और पिस्टल से उनके सिर पर वार किया गया, जिससे वह बेहोश हो गए।
वहीं, सफाई कर्मियों ने ईओ पर पिस्टल तानने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ईओ को डॉक्टरी जांच के लिए अस्पताल भेजा है। ईओ की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद और अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर पंचायत सिवाल खास में मंगलवार को संविदा पर तैनात सफाई कर्मियों को वेतन दिया जा रहा था। इस दौरान ईओ सिवाल नगर पंचायत शैलेंद्र कुमार भी मौके पर मौजूद थे। सफाई कर्मियों ने कम वेतन देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने ईओ के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं उनकी पिस्टल छीनकर उन्होंने कनपटी पर लगा दी।
वहीं सफाई कर्मियों का कहना है कि वह कम वेतन देने का विरोध कर रहे थे। ईओ ने उन पर पिस्टल तानकर उन्हें डराया और अभद्रता की। ईओ शैलेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने चेयरमैन पति गुलजार, वकील, सभासद जावेद, इस्लाम, सफाईकर्मी जितेंद्र, यूनुस, इमरान के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
यह भी पढ़ें: UP Chunav 2022: पहले चरण की 58 सीटों का मूड, मुस्लिमों में सबसे कम, दलितों में हुआ ज्यादा बिखराव, पढ़िए पूरा समीकरण
वहीं रात में नगर पंचायत सिवाल खास के सफाई कर्मी भी अपनी रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए जानी थाने पहुंचे। उन्होंने रिपोर्ट लिखवाने को लेकर हंगामा किया। सफाई कर्मियों के साथ आए सौराज वाल्मीकि के अनुसार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए अधिकारियों के आदेश लाने को कहा है। वह इस संबंध में बुधवार को उच्चाधिकरियों से मिलेंगे।
यह भी पढ़ें: ट्विटर वार : चौधरी जयंत ने लिखा- आशीष मिश्र की जमानत से योगी जी इतने खुश क्यों?
जानी थाना प्रभारी संजय वर्मा का कहना है कि जांच के लिए नगर पंचायत कार्यालय पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली जा रही है। ईओ ने तहरीर दी है।