सफाई कर्मी की ड्यूटी लगी तो गांव में है। लेकिन वह एक माह से योजना आयोग के सलाहकार आकिल मुर्तजा के घर की ड्यूटी बजा रहा है। पांची गांव की प्रधान ने सीडीओ से की शिकायत में यह आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान सुरेंद्री ने सीडीओ नवनीत सिंह चहल से की शिकायत में बताया कि उनके गांव में अय्यूब बतौर सफाई कर्मी तैनात है। वह पिछले एक माह से गांव में नहीं आ रहा है। जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बाधित है। इस बाबत जानकारी की तो पता चला कि वह किसी सपा नेता के यहां लगा रखा है, और वहीं काम करता है।
प्रधान ने डीपीआरओ से शिकायत की तो डीपीआरओ ने भी उनके सामने मजबूरी जताते हुए कह दिया कि उप्र योजना आयोग के सलाहकार आकिल मुर्तजा के यहां अय्यूब को लगाया गया है। वह वहीं काम कर रहा है तो उसे कैसे गांव में भेजा जाए। इस पर ग्राम प्रधान ने सीडीओ से कार्रवाई की मांग की है।
कई सफाई कर्मी लगे हैं अफसरों के यहां
मेरठ। केवल अय्यूब ही नहीं बल्कि पचास से ज्यादा सफाई कर्मी इसी तरह से अधिकारियों और नेताओं के यहां काम कर रहे हैं। कुछ सफाई कर्मी अधिकारियों की गाड़ियों पर बतौर चालक काम कर रहे हैं। उनसे यह काम कराया जा रहा है और गांव में नहीं भेजा जा रहा है। इस बाबत गांव के कई प्रधान जिलाधिकारी से शिकायत करने की बात कह रहे हैं।