संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। संगठन पदाधिकारियों ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
यूनियन के शाखा अध्यक्ष सुगन चंद्र धिंगान के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारियों से निर्धारित समय से अधिक काम लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें ओवरटाइम और अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा। कर्मचारियों के साथ उत्पीड़न और यूनियन प्रतिनिधियों के प्रति अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया।
ज्ञापन में संविदा कर्मचारियों की ईपीएफ राशि, ब्याज का भुगतान, साप्ताहिक अवकाश, बेहतर गुणवत्ता की वर्दी, जूते उपलब्ध कराने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग उठाई। सफाई कर्मचारियों के लिए सरकारी आवास और ईएसआई सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन में मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान सुभाष चावरिया, महिपाल वाल्मीकि, अमित चौटाला, अमित पार्चा, सेवाराम टांक, गौरव वाल्मिकी, सुनील, दिनेश, सरजू, वेदप्रकाश अभिषेक आदि शामिल रहे।