मेरठ। नगर आयुक्त एवं अपर नगर आयुक्त ने रविवार को शहर के विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर कई कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान कई वार्डों में गंदगी, कूड़ा उठान में देरी और सफाई कार्यों में लापरवाही सामने आई। वार्ड 56 के सफाई नायक सागर को लापरवाही के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक प्रमोद कुमार सैनी का वेतन रोकते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
इनके अलावा वार्ड 70 के सफाई नायक हृदेश, वार्ड 30 के करण, वार्ड 41 के रवीन्द्र, वार्ड 40 के अरुण और वार्ड 78 के सुनील के खिलाफ भी वेतन रोकने और स्पष्टीकरण देने के आदेश जारी किए गए हैं। इस कार्रवाई से नगर निगम के कर्मचारियों में खलबली मची है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें, अन्यथा भविष्य में और कठोर कार्रवाई की जाएगी। अपर नगर आयुक्त ने भी मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और वार्ड स्तर पर सफाई कार्यों की दैनिक समीक्षा की जाए।