वेस्ट यूपी की वीआईपी सीट में शामिल सरधना विधानसभा के चुनाव परिणाम पर सबकी नजर है। इसका कारण यहां से वर्तमान विधायक और भाजपा के फायर ब्रांड नेता ठा. संगीत सोम का चुनाव लड़ना है। संगीत सोम यहां से लगातार दूसरी बार चुनाव मैदान में है। संगीत सोम का दावा है कि इस बार जीत पहले से ज्यादा मतों से होगी और सभी गांवों में पहले से ज्यादा वोट भी हासिल होगी।
ये है संगीत सोम के दावों का आंकड़ा
संगीत सोम के अनुसार ठाकुर चौबीसी के गांवों में मतदान प्रतिशत सबसे ज्यादा तो हुआ ही है, पिछले चुनाव की तुलना में भी ज्यादा हुआ है। ऐसे में यहां से वोट बढ़कर निकलेंगे। इसके अलावा पिछले चुनाव में गुर्जर बहुल गांवों में उनके वोट लगभग नगण्य थे, जो इस बार बेहतर मिलना तय है। गुर्जर बहुल गांव जहां पर पिछले चुनाव में एक या दो वोट ही मिले थे, वहां भी इस बार डेढ़ सौ से ज्यादा वोट मिलेंगे। यही नहीं पिछले चुनाव में सैनी समाज का वोट बहुत कम मिला था, लेकिन इस बार सैनी समाज का वोट लगभग 90 प्रतिशत भाजपा को मिला है। इसके साथ ही जाट बिरादरी से पिछले चुनाव में वोट नहीं मिला था, लेकिन इस बार बड़ी संख्या में मिला है।
एक लाख से ऊपर वोट
मतदान का बूथवार आंकड़ा देखकर अपने को अनुमानित प्राप्त मतों का आंकड़ा लगा चुके संगीत सोम का कहना है कि सरधना में 239134 वोट पड़े हैं। जिसमें 56 हजार मुस्लिमों ने मतदान किया है। ये वोट बड़ी संख्या में दो और बहुत कम संख्या में रालोद प्रत्याशी के बीच बंटे हैं। दलित वोट बसपा के खाते में जोड़ दें और गुर्जर मतों का अधिकांश हिस्सा सपा प्रत्याशी के पक्ष में जोड़ दें तो दोनों प्रत्याशी 60 से 70 हजार के बीच ही पहुंच पाते हैं। जिसका जोड़ अधिकतम 1.30 लाख बैठता है। जबकि रालोद प्रत्याशी के पक्ष में ज्यादा वोट नहीं आयेगा। ऐसे में उन्हें 95 हजार से लेकर 1 लाख से ज्यादा वोट मिलने की उम्मीद है। जो उनके जीत को आंकड़ें को पिछले चुनाव से ज्यादा बढ़ायेगा।