सरधना। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में समस्या सुनते अधिकारी। संवाद
सरधना। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं का अंबार देखने को मिला। एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह और एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। कुल 78 शिकायतें आईं, लेकिन किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
अधिकांश शिकायतें राजस्व, चकबंदी, भूमि विवाद, बिजली, पेंशन और आवास योजनाओं से जुड़ी थीं। एडीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस को केवल औपचारिकता न बनाएं, बल्कि कार्यालयों में भी शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में मंगू प्रधान, नवीन त्यागी, डॉ. ओम कुमार पुंडीर, संजीव त्यागी, शंकर सिंह, उमेश त्यागी, अरुण भारद्वाज, वरुण सिंह और सुखबीर सिंह शामिल रहे।
लेखपाल पर अनियमितता के आरोप
गांव जुल्हेड़ा के ग्रामीणों ने क्षेत्रीय लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनसे खसरा–खतौनी की नकल देने तक के लिए सुविधा शुल्क वसूला जाता है। ग्रामीणों ने लेखपाल का तत्काल स्थानांतरण करने की मांग की। कार्यक्रम में तहसीलदार ज्योति सिंह, सीओ आशुतोष कुमार, नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार, कुलवीर सिंह, राहुल सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।