चिकित्सा शिक्षा मंत्री की रिपोर्ट आई नेगेटिव
मेरठ। लखनऊ में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना की कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीं उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष पंडित सुनील भराला और भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा के शनिवार को सैंपल लिए गए। सुनील भराला और विनीत शारदा ने बीते दिनों उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना के साथ मेरठ के मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी वार्ड का दौरा था। इस वार्ड में भर्ती कुछ मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले थे।
दोनों भाजपा नेताओं का कहना है कि वे उसी दिन से होम क्वारन्टीन हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को उनका सैंपल लिया। अब दोनों की रिपोर्ट का इंतजार है।
संपर्क में आए 20 अन्य के भी लिए सैंपल
सुनील भराला के अलावा उनके भाई अजय भराला, उनके साथ मेडिकल कॉलेज गए दो सुरक्षाकर्मी, चालक समेत 20 अन्य लोगों के सैंपल भी स्वास्थ्य विभाग ने लिए। दौराला सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं, सभी लोग होम क्वारंटीन हैं। जल्द ही रिपोर्ट आएगी।