उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में गुरुवार को अंबेहटा थानाक्षेत्र में दौड़ लगाने के दौरान कहासुनी होने पर एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष के दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव चापरचीडी और अंबेहटा के कुछ युवक सुबह के समय दौड़ लगाते हैं। दो दिन पहले युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। तभी से तनातनी चल रही थी। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे चापरचीडी गांव निवासी आकाश (19) पुत्र इसम सिंह अपने साथी गांव के ही रोशन के साथ अंबेहटा की ओर जा रहा था। रास्ते में दूसरे पक्ष के कुछ युवक मिले और दोनों को एक बाग में ले गए।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर: कोविड-19 से हारे कोरोना वारियर्स, सरकारी व निजी अस्पतालों के सौ से ज्यादा कर्मी संक्रमित
वहां दो युवकों ने आकाश और रोशन को चाकू मारा और फरार हो गए। वहां से गुजर रहे गांव के कुछ लोगों ने दोनों को बाग में पड़े देखा तो परिजनों को सूचना दी। दौड़े-दौड़े परिजन आए और दोनों को जिला अस्पताल ले गए।
वहां डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि रोशन का उपचार चल रहा था। एसपी देहात अशोक कुमार मीणा का कहना है कि हमला करने में दो युवकों के नाम सामने आ रहे हैं। तहरीर मिलने पर गिरफ्तारी की जाएगी।