सहारनपुर में सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडी निवासी एक युवक ने अपनी मौसी आदि पर भाई को जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। इसके आधार पर पुलिस ने तीन महिलाओं और एक बंगाली डॉक्टर के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने सरसावा क्षेत्र में सनसनी फैला दी। दरअसल, वीडियो में सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडी का निवासी युवक हांफतें हुए अपने कुछ रिश्तेदारों पर एक बंगाली डॉक्टर के साथ मिलकर जहर देने का आरोप लगा रहा है। वीडियो में युवक खुद को कुछ देर का मेहमान बताते हुए जहर देने वालों को फांसी देने की भी मांग कर रहा है।
इस संबंध में सरसावा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक सोलंकी ने बताया कि युवक प्रशांत ने तहरीर दी कि उसका भाई पंकज देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव दूधली बुखारा में अपनी मौसी के यहां रहता था। जहां उसे चार अगस्त को जहर दिया गया। प्रशांत ने तहरीर में अपनी मौसी मंतलेस पुत्री नरसिंह, स्वाति पुत्री नरसिंह, मीना पत्नी चिरंजीव और डॉक्टर अरुण बंगाली सभी निवासी दूधली बुखारा के विरुद्ध भाई को जहर देने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर भूमि पूजन: पश्चिमी यूपी के मंदिरों में गूंज उठे श्रीराम के जयकारे, चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के विरुद्ध हत्या की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनाक्रम देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दूधली बुखारा का है।
वहीं अधिकारियों के निर्देश पर मामले को देहात कोतवाली क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच देहात कोतवाली पुलिस करेगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/