उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में नागल थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर एक कार की टक्कर ट्रक से हो गई, जिसमें कार सवार महिला की मौत हो गई। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भिजवा जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार मेरठ जनपद के थाना सरधना के मोहल्ला घोसियान निवासी अकबर क्रेटा गाड़ी से अपने परिजनों के साथ देहरादून जा रहे थे। करीब 11 बजे जैसे ही वह सिड़की पुलिस चौकी के निकट पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो हाईवे कट से एक ट्रक घूम रहा था। इसी दौरान कार की गति तेज होने कारण वह ट्रक से टकरा गई, जिसमें एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने हसरत (43) को मृत घोषित कर दिया, जबकि अकबर (48) पुत्र वासीफ, लविश पुत्र अकबर आरिफ पुत्र कल्लू व नूरा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक देशराज सिंह ने बताया अभी तक घटना की कोई तहरीर थाने नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।